फतेहपुर जनपद के थाना कल्यानपुर क्षेत्र में रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। धान से लदा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर वैगनआर कार के ऊपर पलट गया, जिससे कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना पहुर मोड़ के समीप रात करीब 12 बजे की है। जानकारी के अनुसार, ट्रेलर बिंदकी से चौडगरा की ओर धान के बोरे लेकर जा रहा था। इसी दौरान चौडगरा की ओर से बिंदकी आ रही वैगनआर कार पर अचानक ट्रेलर पलट गया।
हादसे में कार सवार पंकज कुमार (30 वर्ष) पुत्र विजय बहादुर, निवासी ग्राम मुरादपुर, कोतवाली बिंदकी, और धीरू (26 वर्ष) पुत्र रामखेलावन, निवासी मोहल्ला बजरिया बड़ा कुआं, बिंदकी, की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार में सवार तीसरा युवक जसवंत कुमार (32 वर्ष) पुत्र सिद्धार्थ, निवासी मोहल्ला पैगंबरपुर, बिंदकी, गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। तुरंत एंबुलेंस 108 से घायलों और मृतकों को सीएचसी बिंदकी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पंकज और धीरू को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर सीओ प्रगति यादव, बिंदकी कोतवाली पुलिस और थाना कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंचीं। ट्रेलर और वैगनआर कार को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि ट्रेलर धान के बोरे समेत पूरी तरह कार पर पलट गया था।
घटना से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। मृतकों के परिजन और परिचितों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद चौडगरा कस्बे के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
FatehpurAccident #RoadAccident #TrailerCrash #BindkiNews #FatalAccident #UPNews #ShekharSiddiqui #TragicIncident #Chaudgara #TrafficJam
