जनपद के खखरेरू कस्बे में रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसा घटित हो गया। गुब्बारों से खेल रहे एक मासूम बच्चे की खेल-खेल में जान पर बन आई। खेलते-खेलते बच्चा छत से नीचे गिर पड़ा और नीचे लगी लोहे की सरिया उसके पेट में आर-पार हो गई। यह दृश्य देखकर परिवार सहित मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल बच्चे को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया। घायल बच्चे की पहचान मोहम्मद जैन पुत्र वकील अहमद निवासी फतेहपुर के रूप में हुई है। वह अपने परिजनों के साथ खखरेरू कस्बे में एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेल-खेल में मोहम्मद जैन छत पर गुब्बारे उड़ा रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और हादसा हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर मौके का निरीक्षण किया और कहा कि इस पूरे मामले में कोई लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कस्बे में इस दर्दनाक घटना से मातम छा गया है।
#FatehpurNews #KhakheruAccident #ChildInjury #ShekharSiddiqui #UPNews #TragicIncident #FatehpurBreaking #BalloonPlayAccident
