पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव, नहर पटरी किनारे देख मची सनसनी

असोथर थाना क्षेत्र के सातों जोगा गांव में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने नहर पटरी किनारे कटहल के पेड़ से एक अधेड़ का शव लटका हुआ देखा। यह नज़ारा देखकर ग्रामीण दंग रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान दशरथ सिंह (50) पुत्र रघुनाथ सिंह निवासी सातों जोगा के रूप में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह करीब छह बजे वे खेतों में धान काटने जा रहे थे, तभी मोगरीबाग नहर पटरी पर कटहल के पेड़ से शव लटकता दिखाई दिया।

परिजनों ने बताया कि दशरथ सिंह शनिवार दोपहर करीब 11 बजे घर से छत्तीसगढ़ जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। सुबह शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के छोटे बेटे अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि दो दिन पहले उनके पिता की गांव के एक व्यक्ति से नशे की हालत में कहासुनी हुई थी, लेकिन उन्होंने किसी रंजिश या विवाद से इनकार किया। बताया कि पिता दो भाइयों में बड़े थे, छोटे भाई अशोक सिंह की कोरोना काल में बीमारी से मौत हो चुकी है। परिवार के पास करीब 6 बीघा खेती है। दशरथ सिंह के तीन संतानें हैं — बेटी आकांक्षा (32) की शादी हो चुकी है, बड़ा बेटा बलराम सिंह (28) पुणे में नौकरी करता है और छोटा बेटा अनिरुद्ध गांव पर रहता है।

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक शराब के लती थे और अक्सर नशे की हालत में घर से निकल जाया करते थे। इसी वजह से परिवार के लोग उनके व्यवहार को लेकर चिंतित रहते थे।

सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक अविनाश यादव और उपनिरीक्षक सूर्यनाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने बताया कि बेटे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

#FatehpurNews #AsotharIncident #DeadBodyFound #ShekharSiddiqui #UPBreaking #SuicideCase #FatehpurCrimeNews #UttarPradeshNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *